
दिल्ली; दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में आज आंधी-तूफान आने की संभावना है। गरज चमक के साथ भारी बारिश भी हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने करीब 10 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है।28 मार्च की रात को एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके असर से 30 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड , पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिजली कड़कने के साथ बादल गरजेंगे और बरसेंगे।इस हफ्ते तटीय महाराष्ट्र और केरल में तापमान बढ़ने से गर्मी और बहुत ज्यादा उमस रहेगी। इस हफ्ते के बाद अप्रैल के पहले हफ्ते में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में भी अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, जिससे गर्मी और उमस बढ़ेगी। मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की भविष्यवाणी की हुई है।