दिल्ली: दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2026 के पहले 15 दिनों में राजधानी से 800 से ज्यादा लोग लापता हो गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं और लड़कियों की है, जो बेहद चिंताजनक है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 1 जनवरी से 15 जनवरी 2026 के बीच कुल 807 लोग लापता हुए, जिनमें 509 महिलाएं और लड़कियां और 298 पुरुष शामिल हैं। इसका मतलब है कि औसतन हर दिन करीब 54 लोग दिल्ली से गायब हो रहे हैं।इन 807 लापता लोगों में से अब तक सिर्फ 235 लोगों का पता लगाया जा सका है, जबकि 572 लोग अभी भी लापता हैं और उनका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस लगातार इन मामलों में तलाश कर रही है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अब भी नहीं मिल पाए हैं।इन मामलों में नाबालिग बच्चों की स्थिति और भी गंभीर है। कुल लापता लोगों में 191 बच्चे शामिल हैं। इनमें लड़कियों की संख्या बहुत ज्यादा है 146 लड़कियां और 45 लड़के गायब हुए हैं। सबसे ज्यादा लापता होने वाले बच्चे किशोर उम्र के हैं। इस अवधि में 169 किशोर-किशोरियां लापता हुए, जिनमें 138 लड़कियां और 31 लड़के थे। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में से करीब 71 फीसदी अभी भी अनसुलझे हैं।बच्चों के अलावा, वयस्कों के गायब होने के मामले भी बहुत ज्यादा हैं। इसी अवधि में 616 वयस्क लापता हुए, जिनमें 363 महिलाएं और 253 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने अब तक 181 वयस्कों को ढूंढ लिया है, लेकिन 435 मामलों में अभी भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।