दिल्ली: गर्मी बढ़ने से पहले ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देश के कई हिस्सों में अब तेज हवाओं, बारिश और आंधी का असर देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और मध्य भारत सहित करीब 22 राज्यों में पूर्वोत्तर तक मौसम अस्थिर रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल तापमान थोड़ा ऊपर जाएगा, लेकिन यह बढ़ोतरी ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। अगले दो दिनों में हल्की गर्मी महसूस होगी, फिर तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो जाएगी। पहाड़ी इलाकों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। वहीं मैदानी इलाकों में भी 31 मार्च तक बीच-बीच में बारिश होने के संकेत हैं। उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज ज्यादा तीखा रहने वाला है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिससे आम जीवन प्रभावित हो सकता है।पूर्वोत्तर भारत में हालात और भी ज्यादा सक्रिय रहेंगे। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 29 मार्च के बीच तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर दिख सकता है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।