दिल्ली: शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रख्यात लर्निंग डिसएबिलिटी एक्सपर्ट एवं स्पेशल एजुकेटर दिनेश भट्ट को वर्ष 2025 का ‘देश रतन सम्मान’ प्रदान किया गया है। यह सम्मान बच्चों के सीखने से जुड़ी चुनौतियों के क्षेत्र में उनके 25 वर्षों से अधिक के निरंतर, समर्पित और प्रभावशाली कार्य के लिए दिया गया।आरसीआई प्रमाणित स्पेशल एजुकेटर दिनेश भट्ट ने ऐसे समय में इस क्षेत्र में कार्य शुरू किया, जब डिस्लेक्सिया, ऑटिज़्म और एडीएचडी जैसी स्थितियों को लेकर समाज में जागरूकता का अभाव था। उन्होंने न केवल बच्चों के साथ प्रत्यक्ष रूप से कार्य किया, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों और समाज की सोच बदलने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए।दिनेश भट्ट द्वारा उत्तर भारत के प्रमुख स्कूलों एवं कॉलेजों, शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों, शैक्षणिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं में अनेक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों को यह समझने में सहायता मिली कि सीखने से जुड़ी कठिनाइयाँ कोई बीमारी नहीं, बल्कि सामान्य न्यूरोलॉजिकल चुनौतियाँ हैं, जिन्हें सही समय पर पहचान और सहयोग से काफी हद तक सुधारा जा सकता है। उनकी कार्यशालाओं में वैज्ञानिक तथ्यों के साथ-साथ व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत किए जाते हैं, जिससे शिक्षक और अभिभावक बच्चों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।