फगवाड़ा, 14 जनवरी ( शिव कौड़ा/नितिन कौड़ा)
पंजाब में अदालतों तथा स्कूलों को बार बार बम से उड़ाने की मिल रही धमकी ने एक बार फिर से पंजाब में कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। यह बात
खत्री महासभा पंजाब के महासचिव, भाजपा एनजीओ सैल पंजाब के कार्यकारी सदस्य, ह्यूमन राईटस कोंसिल इंडिया (एंटी करप्शन सेल) के प्रदेश अध्यक्ष, विश्व हिंदू संघ के जिला कपूरथला अध्यक्ष तथा खत्री अरोड़ा वैलफेयर बोर्ड पंजाब सरकार के पूर्व सदस्य, पंजाब हिन्दू ग्रुप के प्रदेश सदस्य और जालंधर जोन कोआर्डिनेटर एवं फगवाड़ा के प्रसिद्ध समाज सेवक रमन नेहरा ने प्रेस के नाम जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि आए दिन पंजाब में व्यापरियों से रंगदारी मांगने की खबरें आ रही हैं। जगह-जगह गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। बार बार अदालतों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। फगवाड़ा के गाँव खजूरला में गत दिनों एटीएम लूटने वाले अपराधियों तक अभी तक पुलिस पहुंच नहीं पाई थी कि फगवाड़ा के होशियारपुर रोड पर स्थित एस सुधीर स्वीटस की दुकान पर गोलीबारी की घटना ने केवल फगवाड़ा ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के लोगों को सकते में डाल दिया है। एस सुधीर स्वीटस की दुकान पर गोलीबारी उस दिन हुई जिस दिन फगवाड़ा में मुख्य मंत्री भगवंत मान का दौरा था और उस कारण भारी पुलिस बल फगवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तैनात था। उसके बावजूद फगवाड़ा में गोलीबारी की घटना सीधे तौर पर अपराधियों की ओर से पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार को चेतावनी थी कि आप जितनी चाहे फोर्स लगा लो, लेकिन हमें नहीं रोक सकते। यह तो गनीमत रही कि फगवाड़ा में हुई गोलीबारी में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन अपराधियों ने गोलीबारी करके अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं और अब बार बार स्कूलों और अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दे कर भी अपराधी पंजाब में कानून व्यवस्था का मजाक उड़ा रहे हैं। पंजाब में इस समय अपराधियों के हौसले बुलंद हैं तथा सरकार व पुलिस प्रशासन इन पर अंकुश लगाने में नाकाम हो रहा है। रमन नेहरा ने कहा की कि पंजाब एक सरहदी राज्य है तथा यहां पर कानून व्यवस्था बिगड़ने का खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने 80-90 के दशक में आतंकवाद का जो संताप सहन किया है, उसकी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। इसलिए सरकार व पुलिस प्रशासन को पंजाब में कानून व्यवस्था बनाने के लिए सख्ती करनी चाहिए ताकि आम लोगों का भरोसा आम आदमी पार्टी की सरकार पर कायम रह सके।