*चंडीगढ़, 5 फरवरी ( )—**
भारत और अमेरिका के बीच कर-मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) को लेकर डेयरी उत्पादों या कृषि क्षेत्र से संबंधित कोई भी समझौता अब तक नहीं किया गया है। इस मुद्दे पर किसानों को जानबूझकर गुमराह किया जा रहा है। यह खुलासा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलिएवाल ने आज चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी भी उपस्थित रहे।

बलिएवाल ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि प्रस्तावित ट्रेड समझौते से पंजाब की खेती और डेयरी फार्मिंग को नुकसान होगा, जबकि वास्तविकता यह है कि इस संबंध में अभी तक कोई अंतिम प्रस्ताव ही तैयार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार बिना किसी दस्तावेज के ही राज्य में डर का माहौल बना रही है।

उन्होंने आम आदमी पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास किसी भी तरह के समझौते की प्रति मौजूद है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। बलिएवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य एवं प्रमुख उद्योगपति रजिंदर गुप्ता पहले ही इस समझौते को लाभकारी बता चुके हैं, वहीं पार्टी के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा भी इसे पंजाब के हित में बता रहे हैं, जबकि ‘आप’ के कई नेता इसे पंजाब और किसानों के खिलाफ करार दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ के ये परस्पर विरोधी बयान स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि खुद पार्टी के भीतर ही कोई स्पष्टता नहीं है। दरअसल, ‘आप’ द्वारा जनता के सामने इसका विरोध कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।

बलिएवाल ने कहा कि यदि ‘आप’ को यह समझौता वास्तव में किसानों के खिलाफ लगता है तो वह अपनी सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष इसका आधिकारिक विरोध दर्ज करवाए। उन्होंने जोड़ा कि किसानों को सच्चाई से दूर रखकर राजनीति करना उचित नहीं है।

किसानों से अपील करते हुए प्रीतपाल सिंह बलिएवाल ने कहा कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार का शिकार न बनें। उन्होंने दावा किया कि यदि भविष्य में कोई भी व्यापारिक समझौता होता है तो वह किसानों और डेयरी उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखकर ही किया जाएगा और इससे कृषि क्षेत्र में निवेश तथा आय दोनों में वृद्धि होगी।