
मणिपुर: पूर्वोत्तर भारत के राज्य मणिपुर में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। नई सरकार के गठन के महज 24 घंटे बाद ही राज्य के चुराचंदपुर जिले में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। डिप्टी मुख्यमंत्री के तौर पर नेमचा किपगेन और लोसी दिखो के शपथ ग्रहण के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव हो गया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।गौरतलब है कि मणिपुर में लंबे समय से जारी जातीय हिंसा के चलते केंद्र सरकार ने पिछले साल राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। हाल ही में राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के बाद युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में नई सरकार का गठन किया गया था। हालांकि सरकार बनने के तुरंत बाद ही राज्य में अशांति फैल गई।सरकार गठन के बाद कुकी समुदाय के कई संगठनों ने विरोध का रुख अपनाया। चुराचंदपुर में कुकी समूहों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और अपने समुदाय के विधायकों को चेतावनी दी कि वे नई सरकार की प्रक्रिया में भाग न लें। इसके साथ ही जिले में पूरी तरह बंद का आह्वान किया गया। प्रदर्शन के दौरान कई इलाकों में तनाव इतना बढ़ गया कि गोलीबारी की भी खबरें सामने आईं।