फगवाड़ा 4 सितंबर (शिव कौड़ा) जैन स्थानक कटैहरा चौक फगवाड़ा में विराजित महासाध्वी श्री स्वाति जी महाराज के सानिध्य में आज पयूर्षण पर्व का शुभारंभ सामायिक दिवस के रूप में मनाया गया जिसमें महाराज श्री जी की प्रेरणा से महिलाओं एवं पुरुषों ने सामायिक कर धर्म लाभ लिया। अपने प्रवचन में महाराज श्री जी ने इस पर्व की महत्ता को बताते हुए इसे अध्यात्मिक पर्व की उपमा दी। इन आठ दिनों में हमने अपने कर्मों की निर्जरा करने के लिए अपने भीतर की बुराईयों का चिंतन करना है। खुद ही खुद की बुराईयों पर अंकुश लगा कर पाप कर्मों से बचना है और पुण्य कर्म करके दान और तप में अपनी आत्मा शुद्धि के लिए मन को लगा कर धर्म की राह को अपनाना है। वर्ष भर में जाने और अन्जाने में हुई भूलों का पश्चाताप करना है, और भगवान महावीर की वाणी का श्रवण कर अपनी आत्मा का कल्याण करने के लिए जप, तप और स्वाध्याय में मन को लगाना है। महाराज श्री ने कहा कि वह लोग भाग्यशाली होते हैं जिन्हें भगवान की वाणी सुनने और श्रवण करने का शुभ अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि रविवार का दिन दूसरे पयुर्षण एकाशना दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।