लुधियाना के समराला में निहंगों ने 23 साल के युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। उस पर गांव की लड़की को भगाने का शक था। इस वजह से पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। जब युवक पुलिस थाने से घर लौट रहा था तो निहंग उसे अपने साथ लड़की के गांव ले गए। वहां पूरी रात उसे बेरहमी से पीटते रहे। जिससे सुबह उसकी मौत हो गई इससे भड़के परिवार वालों ने समराला में नेशनल हाइवे जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस थाने के बाहर भी जमकर प्रदर्शन कर दिया। घटना के बाद मौके पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस ने 5 निहंगों को हत्या के केस में गिरफ्तार कर लिया है।मृतक युवक अवतार सिंह के परिवार वालों ने बताया कि नजदीकी गांव से एक लड़की 6 दिन से लापता है। लड़की को भगाकर ले जाने के शक में उसके परिजनों ने थाना समराला में शिकायत दे रखी है। इसकी पड़ताल के लिए रविवार को पुलिस ने अवतार सिंह, उसके परिजनों और लड़के के घरवालों को बुलाया था। लड़की के परिवार वालों के साथ गांव में डेरा बनाकर रहने वाले निहंग भी आए हुए थे। जब पड़ताल के बाद अवतार सिंह अपने गांव कुहली कलां वापस लौटने लगा तो निहंगों ने उन्हें बरगला दिया। जिसके बाद वह अवतार सिंह को लड़की के गांव ले गए। वहीं पर अवतार सिंह की बेरहमी से मारपीट की गई। जिसमें उसकी मौत हो गई।चश्मदीद की जुबानी, हत्या की कहानी रामपाल सिंह ने बताया कि अवतार सिंह मेरा चचेरा भाई है। कल अवतार के साथ हम पुलिस थाने से गांव लौट रहे थे। रास्ते में 20-25 निहंगों ने हमें रोक लिया। उन्होंने कहा कि लड़की के गांव जाना है। वहां जाकर उन्होंने अवतार सिंह से पूछताछ की। निहंगों के पास 2 रिवॉल्वर, एक बरछा, 2 तलवारें और कई डंडे थे। जब कुछ पता नहीं चला तो वह मारने लगे। मैंने उन्हें कहा कि लड़के को कुछ नहीं पता, उसे मत पीटो। इससे निहंग भड़क उठे और मुझे भी बेरहमी से पीटा। फिर मुझे मारपीट कर भगा दिया। हम थोड़ी दूरी पर गए तो अवतार दर्द से कराह रहा था। मेरे साथ एक और भाई था। हम तुरंत वापस भागे। अवतार को पानी पिलाने की कोशिश की लेकिन वह गिलास नहीं पकड़ पाया। फिर हमने उसका सिर गोद में रखकर पानी पिलाया। इसके बाद निहंगों ने हमें वहां से भगा दिया। उन्होंने कहा कि लड़के को हम ही रखेंगे। हम वहां से लौट आए तो बाद में पता चला कि अवतार सिंह की मौत हो गई है।खन्ना के एसएसपी रवि कुमार ने कहा कि इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। 5 निहंगों को पकड़ लिया गया है। 4 अभी फरार हैं। फिलहाल 9 आरोपियों के हत्या में शामिल होने का पता चला है। केस दर्ज करने के बाद जांच की जाएगी। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए रेड की जा रही है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।