फगवाड़ा 4 जुलाई (शिव कौड़ा) रोटरी क्लब फगवाड़ा जेम्स की वर्ष 2024-25 की प्रथम बैठक स्थानीय होटल पूनम में आयोजित की गई। सर्व प्रथम राष्ट्रगान हुआ तथा मौन धारण करके विश्व शांति की प्रार्थना की गई। जिसके बाद क्लब के आगामी वर्ष के अध्यक्ष पवन कुमार कालड़ा (कैमल आटा) को पदभार ग्रहण करवाया गया। साथ ही केक काट कर समूह क्लब सदस्यों द्वारा श्री कालड़ा को शुभकामनाएं दी गई। तत्पश्चात क्लब की तरफ से विश्व प्लास्टिक मुक्त दिवस के उपलक्ष्य में वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें नगर निगम फगवाड़ा के सहायक आयुक्त कुलप्रीत सिंह बतौर मुख्य वक्ता शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग मानव जीवन के लिये बहुत ही घातक है। प्लास्टिक के प्रयोग से न केवल मनुष्य के स्वास्थय पर विपरीत प्रभाव पड़ता है बल्कि पर्यावरण भी दूषित होता है। उन्होंने कहा कि बेशक सरकार की तरफ से प्लास्टिक का प्रयोग रोकने के लिये कानून बनाया गया है और जुर्माने का भी प्रावधान है लेकिन जागरुकता की कमी की वजह से अभी भी बड़े पैमाने पर प्लास्टिक का प्रयोग हो रहा है। जिसके लिये समाज सेवी संस्थाओं को उल्लेखनीय भूमिका निभाते हुए जागरुकता फैलाने का प्रयत्न करना चाहिये। उन्होंने रोटरी क्लब फगवाड़ा जेम्स की तरफ से वर्ष के प्रथम प्रोजैक्ट के अन्तर्गत इस विषय पर वार्ता का आयोजन करने की विशेष तौर पर सराहना की। इस दौरान क्लब सदस्यों ने शहर की सफाई व्यवस्था की दयनीय स्थिति से सहायक आयुक्त को अवगत करवाया। जिस पर सहायक आयुक्त ने सफाई व्यवस्था में सुधार हेतु उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। मंच का संचालन करते हुए क्लब के पूर्व अध्यक्ष सतीन जैन ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा शहर की सुन्दरता को बढ़ाने में क्लब द्वारा प्रशासन को हर संभव सहयोग दिया जायेगा। क्लब सचिव राकेश सूद ने उपस्थितों को क्लब के आगामी प्रोजैक्टों से अवगत करवाया। इस दौरान शहर के गणमान्यों अजीत सिंह वालिया उद्योगपति, दलीप शर्मा एडवोकेट, अशीष कालड़ा, बलदेव सचदेवा तथा तरुण गर्ग को क्लब की सदस्यता ग्रहण करवाई गई। इस अवसर पर पूर्व गवर्नर एस.पी. सेठी, पूर्व अध्यक्ष आई.पी. खुराना, विजय सौंधी, महिन्द्र सेठी, निवर्तमान अध्यक्ष निखिल गुप्ता, डा. चिमन अरोड़ा, डा. रोहित चोपड़ा, डा. जी.पी. सिंह, हरभजन सिंह लक्की, पंकज गौतम, गौरव सहदेव, सुनील चम पूर्व चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट फगवाड़ा, रविन्द्र गुलाटी, राकेश चावला, मेजर वी.के. सूरी, निखिल वधवा इत्यादि उपस्थित थे

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।