ब्राजील में बड़ा विमान हादसा, 62 लोगों को ले जा रहा प्लेन क्रैश, सभी की मौत


ब्राजील : साओ पाउलो राज्य के विन्हेडो शहर में एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें मौजूद सभी लोगों की मौत हो गई। विमान में 57 यात्रियों समेत चालक दल के चार सदस्य शामिल थे। घटनास्थल की तस्वीरों और वीडियो से पता चलता है कि दुर्घटना के बाद विमान का मलबा आसपास फैल गया। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में देखा गया कि विमान अचानक आसमान से नीचे की तरफ चक्कर लगाते हुए गिरा। हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि विमान दुर्घटना का कारण क्या था। कुछ चश्मदीद गवाहों ने इस भयानक क्षण का दृश्य बयां किया।
बता दें कि क्रैश से पहले विमान के अगले हिस्से से धुआं निकलता देखा गया। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ब्राजील के टेलीविजन नेटवर्क ग्लोबोन्यूज के मुताबिक नागरिक सुरक्षा विभाग ने बताया है कि विमान रिहायशी इलाके में गिरा। इस दौरान वह कई घरों से टकराया। वोएपास विमान कास्केवेल से रवाना हुआ था और साओ पाओलो के रास्ते पर था।



