

दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित उसका प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा और उसने निर्वाचन प्रक्रिया में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के पक्षधर प्रत्येक नागरिक से इसमें शामिल होने की अपील की। कॉजपा ने कहा कि अगर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को प्रदर्शन किया जाएगा।कॉजपा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। कॉजपा के संस्थापक एवं संयोजक अभिजीत दीपके ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि कुमार के पद से नहीं हटने पर देश के हर हिस्से से नागरिक और संगठन के सदस्य नयी दिल्ली में एकत्रित होंगे और जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेंगे।दीपके ने कहा, अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर से ‘कॉकरोच’ दिल्ली कूच करेंगे और 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, अगर दिल्ली पुलिस हमें रोकने की कोशिश करती है, तो जिस जगह हमें रोका जाएगा, वही हमारा जंतर-मंतर बन जाएगी। हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा। हम महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलेंगे।



