Sliderपंजाब

डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को लोक समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर हल करने के दिए निर्देश

जालंधर, 17 अप्रैल : डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उन्हें लोक समस्याओं का उचित और समयबद्ध ढंग से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने लोगों की हर समस्या को पूरी गंभीरता से लेने और उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग पेशेवर ढंग से और पूर्ण तालमेल के साथ काम करें, ताकि लोगों को और भी बेहतर तरीके से सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

इस मौके पर मुख्य प्रशासक जे.डी.ए. नितेश कुमार जैन, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) तेजदीप सिंह सैनी भी मौजूद थे।

श्री वालिया ने एस.डी.एम. को भी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में सामने आने वाली समस्याओं की उचित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उनका समय पर निपटारा करके लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।

सरकार की लोक कल्याण योजनाओं और प्रोग्रामों को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक योग्य और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर लोग हमारे पास नहीं पहुंच सकते तो उनके पास पहुंचना हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपनी ड्यूटी पूरी तनदेही और समर्पण की भावना के साथ निभाएं और लोगों की भलाई व बेहतरी को अपनी मुख्य प्राथमिकता बनाएं, ताकि उनके प्रशासन में लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।

इस बैठक में सभी एस.डी.एम., सिविल सर्जन, जिला राजस्व अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button