टोरंटो: कनाडा के टोरंटो शहर में 1 जोरदार धमाके और आग की घटना ने पूरे डाउनटाउन इलाके को हिला दिया। यह हादसा रिचमंड स्ट्रीट वेस्ट और जॉन स्ट्रीट के पास एक निर्माणाधीन व्यावसायिक इमारत की छत पर हुआ, जहां कई प्रोपेन गैस सिलेंडर फट गए।शाम करीब 6 बजे शुरू हुई इस घटना में अचानक तेज धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं और कुछ ही मिनटों में आसमान में घना काला धुआं छा गया। आसपास मौजूद लोग, रेस्टोरेंट में बैठे ग्राहक और कामगार घबराकर बाहर निकल आए। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके इतने तेज थे कि आसपास की इमारतें तक हिल गईं।शुरुआत में यह एक सामान्य आग लगने की घटना लग रही थी, लेकिन जल्द ही हालात खतरनाक हो गए जब एक के बाद एक धमाके होने लगे। मौके पर पहुंची Toronto Fire Services की टीम ने बताया कि उन्हें 296 रिचमंड स्ट्रीट वेस्ट पर सूचना मिलने के लगभग 90 सेकंड के भीतर पहुंचना पड़ा।फायर अधिकारियों के अनुसार, छत पर लगी आग के बीच कम से कम तीन प्रोपेन सिलेंडर फट गए, जिससे आग और तेजी से फैल गई और लपटें ऊंचाई तक उठने लगीं। हेलीकॉप्टर से ली गई तस्वीरों में छत से निकलती विशाल आग की गेंद साफ दिखाई दी।