जालंधर : पंजाब सरकार की जनहितैषी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री पंचवटी मंदिर धर्मशाला गौशाला, मेन बाजार बस्ती गुजां में मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के फार्म भरने हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में इलाके के लोगों ने पहुंचकर योजना संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा अपने फार्म भरवाए।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के तहत पात्र परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे।
मोहिंदर भगत ने कहा कि ऐसे कैंपों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं और अपने परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कैंप में गौशाला कमेटी के प्रधान लक्की मल्होत्रा, ब्लाक प्रधान वरुण सज्जन,भारत भूषण काका, अमित सभ्रवाल,मोनू भगत,राजीव वर्मा,बीके मैनी,रामेश विज, दविंदर अरोड़ा मौजूद लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम जनता को काफी राहत मिलेगी। आयोजन के दौरान समाजसेवी, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।