
फगवाड़ा 15 जुलाई (शिव कौड़ा) : उद्योगपति के.के. सरदाना के संरक्षण में स्थानीय गुरु हरगोबिंद नगर स्थित ब्लड बैंक में माता ठाकुर देवी एवं नानक चंद सेठी की स्मृति को समर्पित दांतों एवं जबड़ों का 480वां नि:शुल्क शिविर ब्लड बैंक के प्रधान मलकीयत सिंह रघबोतरा की देखरेख में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं सी.ए. दिवस को समर्पित इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सुशील हांडा आर्कीटैक्ट जबकि गैस्ट आफ आनर के रूप में वरिष्ठ पत्रकार सिंह वा विशेष अतिथि के तौर पर रोटेरियन सतपाल सेठी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, रोटरी क्लब शामिल हुए। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्यों ने उद्घाटन की रस्म के पश्चात 8 जरूरतमंद बुजुर्गों को नए तैयार किए गए जबड़े वितरित किए तथा ब्लड बैंक द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भरपूर सराहना की। शिविर के दौरान सी.एम.सी. लुधियाना से डॉ. तमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में पहुंची 25 सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सकों की मोबाइल टीम ने लगभग 120 मरीजों के दांतों की जांच की। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकता अनुसार नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। साथ ही नए जबड़े तैयार करने की अगली प्रक्रिया भी पूरी की गई। ब्लड बैंक के प्रधान मलकीयत सिंह रघबोतरा ने बताया कि अगला नि:शुल्क दंत एवं जबड़ा शिविर 1 अगस्त, शनिवार को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर गुलाब सिंह ठाकुर, गुलशन कपूर, कुलदीप दुग्गल, मोहन लाल तनेजा, सुधा बेदी, रूप लाल, कृष्ण कुमार, रमन लाल, मुकेश कुमार, कृष्ण कुमार पूर्व फूड सप्लाई अधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।