दिल्ली; रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल ने कम आय के कारण अक्टूबर-दिसंबर 2025 में 45.33 करोड़ रुपए का एकीकृत शुद्ध घाटा दर्ज किया। कंपनी ने अक्टूबर-दिसंबर 2024 में 29.13 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। शेयर बाजार को मंगलवार को दी सूचना के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में कुल आय घटकर 312.76 करोड़ रुपए रह गई, जो गत वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में 862.14 करोड़ रुपए थी। सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड के संस्थापक एवं चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों के दौरान स्थिर प्रदर्शन जारी रखा है। उन्होंने कहा, ”हालांकि रियल एस्टेट बाजार में कुछ नरमी देखने को मिली है लेकिन मौजूदा माहौल स्पष्ट रूप से उन डेवलपर के पक्ष में है जिनका गुणवत्ता वाले मकानों की समय पर आपूर्ति और उपभोक्ता-केंद्रित पेशकशों का मजबूत रिकॉर्ड है।सिग्नेचर ग्लोबल देश की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है। यह 2024-25 वित्त वर्ष में बिक्री बुकिंग के लिहाज से पांचवीं सबसे बड़ी सूचीबद्ध रियल्टी कंपनी बनकर उभरी थी। गत वित्त वर्ष में कंपनी ने रिकॉर्ड 10,290 करोड़ रुपए की बिक्री बुकिंग दर्ज की थी।