Sliderपंजाब

मेरी रसोई’ योजना चुनावी छलावा : मनोरंजन कालिया*

चंडीगढ़, 24 फरवरी

पंजाब के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोरंजन कालिया ने आज आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा घोषित “मेरी रसोई” योजना पर तीखा प्रहार करते हुए इसे चुनावी वर्ष में मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश बताया।

कालिया ने कहा, “इस चुनावी साल में आप सरकार ‘मेरी रसोई’ नाम की नई योजना लेकर आई है, जिसके तहत 40 लाख परिवारों को दाल, चीनी, हल्दी, नमक और तेल देने का दावा किया जा रहा है, जिससे 1.33 करोड़ लोग कवर होंगे। यह पूरी तरह से चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास है।”

उन्होंने आगे कहा, “इससे पहले भी इसी वर्ष 10 लाख रुपये की सेहत बीमा योजना लाई गई थी, जिसमें एक लाख तक का बीमा यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी द्वारा और नौ लाख का बीमा स्टेट हेल्थ एजेंसी के माध्यम से किया जाना था। मैंने उस समय प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई सवाल उठाए थे, लेकिन आज तक सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया है।”*

कालिया ने आरोप लगाया कि आप सरकार अपने चुनावी घोषणापत्र के वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा, “महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। 25 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा अधूरा है। सरकार बनने के एक महीने के भीतर पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का दावा भी खोखला साबित हुआ है।”

आप सरकार पर निशाना साधते हुए कालिया ने कहा, “अब फिर चुनाव नजदीक आते ही किस्तों में राशन देने की घोषणाएं कर जनता को बहलाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन पंजाब की जनता समझदार है और अब झूठे वादों में नहीं आने वाली।”

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा, “समय की दीवार पर साफ लिखा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।”

Related Articles

Back to top button