Sliderदोआबापंजाब

विश्व साइकिल दिवस पर डेकाथलॉन जालंधर द्वारा भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन

 जालंधर, 7 जून:  विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में डेकाथलॉन जालंधर (एमबीडी नियोपोलिस) द्वारा फिट इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण (Sports Authority of India), खेड भारती पंजाब, जिला साइक्लिंग एसोसिएशन जालंधर एवं साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब के सहयोग से एक भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को मुख्य अतिथि श्री जगजीत सिंह सरोआ, एआईजी, पंजाब पुलिस द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध एथलेटिक्स कोच श्री सरबजीत सिंह भी उपस्थित रहे।

लगभग 5 किलोमीटर की इस साइक्लोथॉन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जालंधर सहित पंजाब के विभिन्न जिलों से आए साइकिल चालकों तथा अनेक साइक्लिंग समूहों, जिनमें स्काई राइडर्स सहित कई अन्य क्लब शामिल थे, ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज करवाई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र, रिफ्रेशमेंट्स एवं टी-शर्ट्स प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह देखने योग्य था तथा सभी ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस सफल आयोजन को मिनी कौर सूर, हरदीप सिंह, अरविंद सिंह राणा (प्रांत अध्यक्ष, खेड भारती पंजाब), विशाल दादा (प्रांत उपाध्यक्ष, खेड भारती पंजाब) तथा जगदीप सिंह (महासचिव, साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब) के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में वेरका, स्टैलियन स्पोर्ट्स, परिंदे अकादमी, पीआईएमएस तथा सिविल सर्जन अस्पताल का विशेष सहयोग रहा। सिविल सर्जन अस्पताल की टीम द्वारा प्रतिभागियों के लिए चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई गई, जबकि पूरे रूट पर पंजाब पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

आयोजकों ने बताया कि इस साइक्लोथॉन का मुख्य उद्देश्य लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, साइक्लिंग संस्कृति को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं सस्टेनेबिलिटी (Sustainability) के प्रति जागरूक करना था। खेड भारती पंजाब अपने मूल ध्येय “खेलों के माध्यम से चरित्र एवं राष्ट्र निर्माण” के अनुरूप समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है।

इस अवसर पर “Sunday on Cycle” अभियान को भी आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया, जिसके माध्यम से प्रत्येक रविवार को अधिक से अधिक नागरिकों को नियमित साइक्लिंग एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। “एक सवारी सेहत के नाम” के संदेश के साथ प्रतिभागियों ने साइक्लिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अरविंद सिंह राणा, प्रांत अध्यक्ष, खेड भारती पंजाब ने कहा,

«”साइक्लिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर बढ़ाया गया एक सशक्त कदम है। हमारा प्रयास है कि ‘Sunday on Cycle’ के माध्यम से प्रत्येक रविवार को पंजाब में स्वास्थ्य और फिटनेस का उत्सव मनाया जाए। हम चाहते हैं कि साइक्लिंग एक दिन का कार्यक्रम न रहकर प्रत्येक परिवार की नियमित जीवनशैली का हिस्सा बने।”»

आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि Sunday on Cycle केवल एक कार्यक्रम न होकर एक जन-आंदोलन का रूप लेगा, जो “हर रविवार • हर आयु • हर पंजाबी” को स्वास्थ्य, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली से जोड़ने का कार्य करेगा।

“एक सवारी सेहत के नाम” के संदेश के साथ यह आयोजन सामुदायिक सहभागिता, स्वास्थ्य जागरूकता, खेल भावना तथा हरित भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ तथा समाज में स्वास्थ्य और खेलों के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button