दिल्ली: सोने के गहने खरीदने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। बता दें कि अब सरकार सोने के बाजार में धोखाधड़ी को खत्म करने के लिए हॉलमार्किंग के नियमों को और अधिक सख्त बनाने जा रही है। अक्सर देखा गया है कि हॉलमार्किंग के बावजूद कुछ ज्वेलर्स कम कैरेट का सोना बेचकर या सरकारी चिह्नों का गलत इस्तेमाल कर ग्राहकों को चूना लगाते थे। इसी गड़बड़ी को रोकने के लिए अब HUID यानी Hallmark Unique Identification कोड के इस्तेमाल को अनिवार्य कर दिया है। यह 6 अंकों का एक विशेष अल्फान्यूमेरिक कोड होता है, जो अब हर एक गहने के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार ने साफ किया है कि एक बार जो कोड किसी अंगूठी या हार को मिल गया, वह हमेशा उसी का रहेगा। उस कोड का दोबारा किसी दूसरे गहने के लिए इस्तेमाल करना नामुमकिन होगा। ग्राहकों की सुरक्षा के लिए सलाह दी गई है कि वे केवल वही ज्वेलरी खरीदें जिस पर यह 6 अंकों का कोड अंकित हो। आप खुद भी ‘BIS CARE’ ऐप के जरिए इस कोड को स्कैन करके गहने की असलियत परख सकते हैं, जिससे नकली सामान खरीदने का जोखिम खत्म हो जाएगा।