
श्रीलंका : नई प्रधानमंत्री के रूप में हरिनी अमरसूर्या की नियुक्ति ने न केवल श्रीलंका में बल्कि भारत और दुनिया भर में चर्चा का विषय बना दिया है। 54 वर्षीय हरिनी श्रीलंका की तीसरी महिला प्रधानमंत्री हैं और उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए एक प्रेरणादायक यात्रा तय की है। अपनी शिक्षा और सामाजिक कार्यों के लिए प्रसिद्ध, हरिनी अमरसूर्या ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से प्राप्त की थी। इसके बाद, उन्होंने श्रीलंका में अकादमिक और राजनीतिक क्षेत्रों में भी अहम योगदान दिया।
हरिनी अमरसूर्या की शिक्षा यात्रा श्रीलंका से भारत तक फैली हुई है। 1988-89 में श्रीलंका में तमिल आंदोलन के दौरान हालात इतने हिंसक हो गए थे कि स्कूल और कॉलेज बंद हो गए थे। ऐसे में हरिनी ने अपनी उच्च शिक्षा के लिए भारत आने का निर्णय लिया। उन्होंने 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज में प्रवेश लिया और यहां समाजशास्त्र में स्नातक की डिग्री (1991-1994) प्राप्त की। हिंदू कॉलेज में अपने छात्र जीवन के दौरान, हरिनी अमरसूर्या का परिचय भारतीय समाज के विभिन्न पहलुओं और विचारधाराओं से हुआ, जो बाद में उनके राजनीतिक दृष्टिकोण और नेतृत्व को आकार देने में सहायक रहे। इस दौरान उनके साथ बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता इम्तियाज अली और प्रमुख पत्रकार अर्नब गोस्वामी भी पढ़ाई कर रहे थे। हिंदू कॉलेज की प्रिंसिपल अंजू श्रीवास्तव ने भी अपनी पूर्व छात्रा पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि, “हरिनी का प्रधानमंत्री बनना हमारे कॉलेज के लिए गर्व की बात है। उनका संघर्ष और सफलता हमारे लिए प्रेरणा है।”हरिनी अमरसूर्या ने 2019 में श्रीलंका के प्रमुख राजनीतिक दल ‘जनता विमुक्ति पेरमुनुवा’ (JVP) से जुड़कर राजनीति में कदम रखा। उनके लिए यह एक नया मोड़ था, क्योंकि उन्होंने शिक्षा और सामाजिक कार्यों से आगे बढ़कर अपने देश की राजनीति में एक प्रभावशाली स्थान बनाया। 2020 में उन्हें श्रीलंका की संसद में चुना गया, और उनके इस कदम से राजनीतिक क्षेत्र में एक नई उम्मीद जगी।सितंबर 2024 में, हरिनी को श्रीलंका का अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। वह इस पद पर पहुंचने वाली श्रीलंका की तीसरी महिला प्रधानमंत्री बनीं और यह उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और बुद्धिमत्ता का परिणाम था। उनके प्रधानमंत्री बनने से न केवल श्रीलंका के आंतरिक मामलों में सुधार की उम्मीदें जगीं, बल्कि भारत और श्रीलंका के बीच रिश्तों को भी एक नया आयाम मिला।