
फगवाड़ा 20 जनवरी (शिव कौड़ा) कांग्रेस पार्टी द्वारा आज केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा के खिलाफ फगवाड़ा की सडक़ों पर रोष मार्च निकाला गया। यह रोष प्रदर्शन जिला कपूरथला कांग्रेस कमेटी के प्रधान बलविंदर सिंह धालीवाल विधायक फगवाड़ा की अगुवाई में रेस्ट हाउस स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू हुआ और स्थानीय गुरु हरगोबिंद नगर फगवाड़ा स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित संविधान निर्माता बाबा साहिब डा. अंबेडकर के बुत पर फूलमालाएं अर्पित करते हुए समाप्त किया गया। इस दौरान विधायक धालीवाल ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहिब डा. अंबेडकर के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पार्टी का राष्ट्र स्तर पर विरोध लगातार जारी है। यह विरोध पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के निधन के कारण कुछ समय के लिए स्थगित किया गया था लेकिन अब गृहमंत्री अमित शाह की माफी और इस्तीफे तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री और नेता लगातार बापू गांधी और डा. अंबेडकर का अपमान कर रहे हैं। भाजपा की नियत देश के संविधान को बदलने की है पर कांग्रेस कभी भी ऐसा नहीं होने देगी। इस समय देश में संविधान को बचाने की बहुत ज्यादा जरूरत है। जिसके लिए कांग्रेस पार्टी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और वर्तमान अध्यक्ष मलिकार्जुन खडग़े की अगुवाई में लगातार यत्नशील है। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के समस्त चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन, नगर पार्षद, पूर्व पार्षद, गांवों के सरपंच, पंच, विभिन्न सेल्स के प्रमुख और महिला कांग्रेस नेत्रियों सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।