
होशियारपुर, 6 अप्रैल : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में रोशन ग्राउंड, होशियारपुर में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन आध्यात्मिक महोत्सव के उपलक्ष्य में 10 अप्रैल को एक भव्य कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। इसी संदर्भ में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य एवं शिष्याएं स्वामी सज्ज्नानंद जी, साध्वी शंकरप्रीता भारती जी तथा साध्वी राजवंत भारती जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजन के मुख्य यजमान मनीष गुप्ता जी एवं नितिन गांधी जी भी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए स्वामी सज्ज्नानंद जी ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन की तैयारियां तीव्र गति से चल रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि कथा स्थल पर टेंट लगाने का कार्य 25 मार्च से ही प्रारंभ हो चुका है तथा मंच सज्जा हेतु विशेष डेकोरेटर भी पहुंच चुके हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि 10 अप्रैल से पूर्व समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी। उन्होंने आगे बताया कि कथा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर (भंडारा) की विशेष व्यवस्था भी रहेगी, ताकि सभी भक्तजन प्रसाद ग्रहण कर सकें और इस दिव्य आयोजन का पूर्ण आध्यात्मिक लाभ उठा सकें। इस कथा का वाचन करने हेतु विश्व विख्यात भागवत भास्कर श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी वैष्णवी भारती जी अपनी संपूर्ण संत मंडली के साथ होशियारपुर पधार रही हैं। वे कथा के माध्यम से भक्तों को श्रीकृष्ण भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और जीवन मूल्यों से जोड़ेंगी। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने हेतु पर्याप्त संख्या में कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। साथ ही विशाल पंडाल इस प्रकार तैयार किया जा रहा है कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी लोग सुगमता, शांति एवं आराम से कथा श्रवण कर सकें। प्रेस वार्ता के दौरान स्वामी सज्ज्नानंद जी ने विशेष रूप से युवा वर्ग से इस कथा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा डिजिटल दुनिया में उलझकर अपने आध्यात्मिक मूल्यों से दूर होता जा रहा है, ऐसे समय में श्रीमद्भागवत कथा उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों, जीवन-दर्शन और भक्ति मार्ग से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने यह भी बताया कि कथा के दौरान उच्च कोटि का संगीतमय प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, जिससे ऐसा अनुभव होगा मानो श्रद्धालु रोशन ग्राउंड में नहीं, बल्कि स्वयं वृंदावन धाम में विराजमान हों। संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहेगा। आयोजकों ने समस्त होशियारपुर व आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस दिव्य कथा महोत्सव एवं कलश यात्रा में सम्मिलित होकर अपने जीवन को धर्म, भक्ति और संस्कारों से आलोकित करें।