मुंबई : देश की आर्थिक नगरी मुंबई और राज्य के बाकी हिस्सों में छाए बादल निवासियों के लिए आफत बनकर बरस रहे हैं। भारी बारिश के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। सड़कों के साथ ही रेलवे स्टेशन, अस्पतालों में पानी भर गया है। कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी भारी बारिश हो सकती है। सरकार ने दो जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करते हुए सभी स्कूलों और दफ्तरों को बंद रखने का फैसला किया है।
बृहनमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की तरफ से कहा गया है कि दो जुलाई को सभी निजी और सरकारी स्कूल, निजी और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। अगले 24 घंटों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और बाकी हिस्सों मे रुक-रुक कर बारिश होगी। सड़कों पर पानी भरने के कारण यातायात बुरी तरह से प्रभावित है। पालघर और नालासोपारा रेलवे स्टेशन पर बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार पालघर में आज भारी बारिश की संभावना है।
खराब मौसम, तेज हवाओं के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की 54 उड़ानें रद्द और 52 को डायवर्ट किया गया है।
भारतीय नौसेना ने बीएमसी के एक अनुरोध के बाद कुर्ला क्षेत्र में बारिश से प्रभावित और फंसे हुए लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए विभिन्न टीमों को तैनात किया है। एनडीआरएफ, दमकलकर्मियों, नौसेना की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि मूसलाधार बारिश होने और उससे रेल तथा सड़क परिवहन प्रभावित होने के कारण मुंबई में सिर्फ आपात सेवाएं ही चालू रहेंगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मूसलाधार बारिश के पूर्वानुमान के बाद स्थानीय निकाय ने लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। सोमवार सुबह से मुंबई के कई हिस्सों में करीब 100 मिलीमीटर बारिश हुई है।बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।