

दिल्ली; भारत ने अमरीका के इलिनॉय राज्य के ऑरोरा इलाके में हिंदुओं के एक मंदिर को निशाना बनाकर गोलीबारी करने की कथित साजिश पर गहरी चिंता जताई है और कहा कि इस साजिश में हिंदुओं और नस्लीय आधार पर नफरत से जुड़े संकेतों के साथ भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बातें सामने आना विशेष रूप से चिंताजनक है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले में मीडिया के सवालों के जवाब में गुरुवार को कहा कि भारत ने अमरीकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों की कार्रवाई का संज्ञान लिया है। इसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी और हिरासत में लिया जाना तथा उसके खिलाफ आरोप लगाया जाना शामिल है। प्रवक्ता ने कहा कि यह घटना अमरीका में नस्लीय कार्रवाई और भारत विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और गंभीर बनाती है। उन्होंने नफरत से प्रेरित हिंसा को कतई बर्दाश्त न करने, अधिक सतकर्ता बरतने और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक कार्रवाई की जरूरत बताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमरीकी अधिकारी मामले की पूरी जांच करेंगे, जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।



