Sliderदोआबापंजाब

अमित शाह का ऐलान: 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को चिट्टा मुक्त बनाने का संकल्प

जालंधर, 30 सितंबर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में चिट्टे का कारोबार बढ़ा है। उन्होंने ऐलान किया कि भारतीय जनता पार्टी आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव केवल ‘नशा मुक्त पंजाब’ के मुद्दे पर लड़ेगी।
अमित शाह ने पंजाब की माताओं और युवाओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी ने 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर दो वर्षों के भीतर नशा कारोबार को समाप्त करने और इसमें शामिल तस्करों की पहचान कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करेगी, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएगी, पंजाब की आर्थिक स्थिति सुधारेगी और राज्य को देश के शीर्ष पांच औद्योगिक राज्यों में शामिल करने की दिशा में काम करेगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के.एस. ढिल्लों, संसदीय बोर्ड सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, विजय सांपला, परनीत कौर, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, राघव चड्ढा, संदीप पाठक, दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, पूर्व पंजाब मंत्री मनप्रीत सिंह बादल सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित थे।
13 दिनों में 4,000 किलोमीटर का सफर तय कर जालंधर पहुंची यात्रा
अमित शाह ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नशा मुक्त पंजाब के संकल्प के साथ पठानकोट से यात्रा शुरू की थी। यह यात्रा 13 दिनों में 4,000 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी और आज जालंधर में संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि पंजाब पहले दो प्रमुख कारणों से पूरे देश में प्रसिद्ध था। जब भी देश को अनाज की आवश्यकता हुई, पंजाब के किसानों ने देश के अन्न भंडार भर दिए। वहीं, देश की सुरक्षा का सवाल आया तो पंजाब के जवानों ने मां भारती के लिए सर्वोच्च बलिदान देने में कभी पीछे कदम नहीं खींचे।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब को नशा मुक्त बनाने की आवश्यकता है। पंजाब में किसानों, उद्योग, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा सहित कई मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा आगामी चुनाव केवल नशा मुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी।
नशे से प्रभावित परिवारों का दर्द हर पंजाबी को झकझोरता है
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में आज माताओं को ‘मावां मंगदियां जवाब’ जैसे आंदोलन करने पड़ रहे हैं। उन्होंने नशे के कारण अपने बच्चों को खो चुके परिवारों से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि एक मां अपने दो बेटों की तस्वीरें गोद में लेकर उनसे दूसरों के बच्चों को बचाने की गुहार लगा रही थी।
उन्होंने कहा कि उस मां के शब्द थे, “मेरे बच्चे तो नहीं बचे, दूसरों के बच्चों को बचा लीजिए।” नशे से बर्बाद हो रहे परिवारों का यह दर्द हर पंजाबी को झकझोर देता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नशे की हालत में गुरुओं का अपमान करने वाले लोग पंजाब को चिट्टा मुक्त नहीं कर सकते।
भाजपा ने जो वादा किया, उसे पूरा करके दिखाया: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने कश्मीर से आतंकवाद समाप्त करने, नक्सलवाद की समस्या पर निर्णायक कार्रवाई करने और पूर्वोत्तर में उग्रवाद से निपटने का काम किया है। अब पंजाब को चिट्टा मुक्त बनाने का समय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा है, उसे करके दिखाया है। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए भी पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2004 से 2014 के दौरान देश में 26 लाख किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जबकि 2014 से 2024 के बीच यह मात्रा 1 करोड़ 20 लाख किलोग्राम रही। उनके अनुसार, कांग्रेस शासन के दस वर्षों में 40 हजार करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जबकि भाजपा सरकार के दौरान यह मूल्य 1.90 लाख करोड़ रुपये रहा।
आप सरकार पर घोटालों और वादाखिलाफी के आरोप
अमित शाह ने पंजाब की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए मोगा आउटडोर मीडिया विज्ञापन, अमृतसर स्मार्ट सिटी, जालंधर स्मार्ट सिटी, बरनाला ट्रक यूनियन भूमि, पंचायत फंड और आंगनवाड़ी पोषण पंजीरी से जुड़े कथित घोटालों का उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में हर महीने 40 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हो रही है और विज्ञापनों पर सालाना 785 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से 25 लाख नौकरियां देने, 1.25 लाख रिक्त पद भरने और 16,000 पिंड क्लीनिक स्थापित करने के वादों पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि अब तक केवल 1,200 पिंड क्लीनिक स्थापित किए गए हैं।
शाह ने विधवा पेंशन 2,500 रुपये करने, 16 मेडिकल कॉलेज स्थापित करने, खनन से सालाना 20,000 करोड़ रुपये राजस्व जुटाने और सभी फसलों पर एमएसपी देने के वादों का भी जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार नशे पर अंकुश लगाने में विफल रही है और राज्य में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है।
PIT-NDPS कानून के तहत कार्रवाई न होने पर उठाए सवाल
अमित शाह ने कहा कि देशभर में PIT-NDPS कानून के तहत 5,000 से अधिक नशा तस्करों को जेल भेजा गया है, लेकिन उनके अनुसार पंजाब में इस वर्ष इस कानून के तहत एक भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत नशा तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति जब्त करने का प्रावधान है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीन वर्षों में एक भी NCORD बैठक आयोजित न करने और पंजाब में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) का कार्यालय खोलने के प्रस्ताव को अस्वीकार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के अगले दिन से ही भाजपा पंजाब को चिट्टा मुक्त बनाने का अभियान शुरू करेगी। यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि पंजाब को बचाने का अभियान है।
किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए भाजपा की योजनाओं का उल्लेख
अमित शाह ने कहा कि भाजपा पंजाब के किसानों की समस्याओं का समाधान करेगी, राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार लाएगी, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाएगी और पंजाब को औद्योगिक क्षेत्र में देश के शीर्ष पांच राज्यों में लाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं, किसानों, जवानों और खिलाड़ियों की धरती है। श्री गुरु तेग बहादुर जी और दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के बलिदानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब की गौरवशाली विरासत को नशे के कारण प्रभावित होते देखना बेहद पीड़ादायक है।
पंजाब में एक ग्राम भी नशा बिकने नहीं देंगे: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि पंजाब में नशे का एक ग्राम भी न बिके और पंजाब के रास्ते देश के किसी अन्य हिस्से में भी नशा न पहुंचे।
उन्होंने पंजाब की माताओं, बहनों, बेटियों और युवाओं से नशा मुक्त पंजाब के अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि भाजपा को पांच वर्ष का अवसर मिलने पर पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब की माताओं और युवाओं के सहयोग से चिट्टे के कारोबार को समाप्त करने का संकल्प पूरा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button