
अमित शाह नशा माफिया द्वारा हत्या किए गए बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मिले

गुरदासपुर : 20 अक्टूबर
पंजाब में नशा माफिया के हाथों अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात करने की कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरदासपुर में पहले परिवार से मिले। उन्होंने जिले के गांव माड़ी पन्नूआं में पिछले दिनों नशा माफिया द्वारा हत्या किए गए बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की। करीब 15 मिनट तक चली इस मुलाकात के दौरान अमित शाह ने पीड़ित परिवार के साथ दुख साझा किया। इस अवसर पर परिवार की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री को एक मांग पत्र भी सौंपा गया।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, विजय सांपला, फतेहजंग बाजवा, प्रदेश महासचिव राजेश बाघा और बटाला के जिला अध्यक्ष हरसिमरन सिंह वालिया भी उपस्थित थे।
गृह मंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है और नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने बताया कि अमित शाह ने उन्हें न्याय का भरोसा दिया है और कहा है कि वह इस मामले की सीबीआई जांच भी करवाएंगे।
बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात के बाद अमित शाह मानसा के लिए रवाना हो गए, जहां वह परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात करेंगे।



