
मध्यप्रदेश : ग्वालियर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ग्वालियर से इंदौर की ओर जा रही एक स्लीपर वीडियो कोच बस में सफर के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 45 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे एक बहुत बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार बस रविवार रात लगभग 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 11 बजे पनिहार रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से ऊंची लपटें उठने लगीं। बस में धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।