
एपीजे स्कूल महावीर मार्ग, जालंधर में स्वर्गीय श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी की 14वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्कूल प्रबंधन ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वर्गीय श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यालय के प्रिंसिपल श्री यशपाल शर्मा, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती आरती शेरी भट् तथा समस्त अध्यापकगण ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा भजन, गायन, वाद्य वादन की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं जिन्होंने पूरे वातावरण को भावविभोर और भक्तिमय बना दिया। छात्रों ने भाषण के माध्यम से स्वर्गीय राजेश्वरी पॉल जी के प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्रिंसिपल श्री यशपाल शर्मा जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अच्छे संस्कार, मेहनत और श्रेष्ठ व्यक्तित्व का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वर्गीय राजेश्वरी पॉल जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वर्गीय श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।