एपीजे स्कूल मॉडल टाउन, जालंधर में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कौशल एवं बहुमुखी प्रतिभा को मंच प्रदान करने हेतु “टैलेंट हंट” प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एपीजे एजुकेशन के संस्थापक सम्माननीय डॉ. सत्य पाल तथा एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से विद्यालय के समग्र शिक्षा मिशन के अंतर्गत उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा प्रथम से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में क्लासिकल डांस, सोलो डांस, पोस्टर मेकिंग, स्टोरी टेलिंग, इंस्ट्रुमेंटल एवं सिंगिंग, कैलीग्राफी, स्पेल बी, स्टैंड-अप कॉमेडी, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, क्ले मॉडलिंग, मेहंदी तथा कार्टून स्केचिंग जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया और उनकी प्रतिभा की खूब सराहना हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ राजेश कुमार चंदेल ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न कलाओं एवं कौशलों में भी दक्ष बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव साबित हुआ।