जालंधर: पंजाब की संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर जिला बार एसोसिएशन, जालंधर द्वारा एलएडीएस प्रणाली के विरोध में चल रहे राज्य स्तरीय आंदोलन के समर्थन में आज भी न्यायिक कार्य से पूर्ण रूप से विरत रहते हुए न्यायिक परिसर में जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला बार एसोसिएशन के प्रधान आदित्य जैन एवं सचिव रोहित गंभीर ने किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एलएडीएस प्रणाली अधिवक्ताओं के हितों के विपरीत है तथा इससे न्याय व्यवस्था और अधिवक्ताओं की स्वतंत्र कार्यप्रणाली प्रभावित होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि अधिवक्ता समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए एलएडीएस संबंधी निर्णयों पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान जिला बार एसोसिएशन ने स्थानीय स्तर पर पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के रवैये के खिलाफ भी कड़ा विरोध दर्ज कराया। एसोसिएशन ने कहा कि पिछले कई दिनों से लगातार शांतिपूर्ण आंदोलन और “नो वर्क” के बावजूद पीएसपीसीएल का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी बार एसोसिएशन से वार्ता करने नहीं पहुंचा। इससे स्पष्ट है कि विभाग अधिवक्ताओं की न्यायोचित मांगों के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।

वक्ताओं ने पंजाब सरकार और पीएसपीसीएल को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिवक्ताओं की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तथा एलएडीएस और बिजली संबंधी मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार एवं संबंधित विभाग की होगी।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार और पीएसपीसीएल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा स्पष्ट संदेश दिया कि जब तक अधिवक्ताओं की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के प्रधान आदित्य जैन, सचिव रोहित गंभीर, सीनियर वाइस प्रधान राम छाबड़ा, पूर्व प्रधान गुरमेल सिंह लिधड़, राज कुमार भल्ला, जॉइंट सेक्रेटरी साहिल मल्होत्रा, जूनियर वाइस प्रधान सूरज प्रताप सिंह, असिस्टेंट सेक्रेटरी सोनलिका, रतन दुआ, राकेश धीर, अमरेंद्र सिंह धंद, कुणाल गोयल, रोहन कांत, सन्नी कुमार, निखिल शर्मा, शशि शौकने, अशोक शर्मा, मेहुल खन्ना, विजय मिश्रा, प्रभु धीर, अमनत, पायल हीर, नेहा अत्री, मधु, रचना, संदीप कुमार, प्रीतपाल सिंह, मंजू बाला, रवीना सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और उन्होंने एकजुट होकर आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
धरने के उपरांत पीएसपीसीएल के संबंधित एक्सईएन ने जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से संपर्क कर अधिवक्ताओं की लंबे समय से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बताया कि इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला बार एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की कि पीएसपीसीएल अपने आश्वासन पर शीघ्र अमल करेगा, अन्यथा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। मीटिंग के बाद कल शुक्रवार को भी संघर्ष जारी रहेगा