
जालंधर, 24 जुलाई 2026: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), फगवाड़ा के विशाल क्रीड़ा प्रांगण में आयोजित केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केविएस) की 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन देशभर के विभिन्न संभागों से आए छात्रों ने अपने उत्कृष्ट और ऊर्जावान प्रदर्शन से पूरे आयोजन में नया जोश भर दिया। खेल के मैदानों में दिनभर रोमांच, संघर्ष और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रत्येक मुकाबले में खिलाड़ियों ने अनुशासन, दृढ़ आत्मविश्वास और जीत के जज़्बे के साथ अपने कौशल का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक दीर्घा देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजती रही।
तीसरे दिन की खो-खो प्रतियोगिता दर्शकों और खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। मैदान पर खिलाड़ियों ने अद्भुत गति, फुर्ती और रणनीतिक सूझबूझ का प्रदर्शन किया I
खो-खो अंडर-14 बालक वर्ग में आगरा,पटना,देहरादून,भुवनेश्वर,चंडीगढ़,जम्मू,भोपाल,वाराणसी,कोलकाता, लखनऊ और एर्नाकुलम संभाग ने अत्यंत कड़े मुकाबलों में जीतकर कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। अंडर-17 बालक वर्ग में बेंगलुरु,भोपाल, दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर, चेन्नई,रांची,गुरुग्राम,वाराणसी,गुवाहाटी,कोलकाता,चंडीगढ़,आगरा,हैदराबाद,एर्नाकुलमऔर जबलपुर संभाग की टीमों नें लीग मैचों में शीर्ष प्रदर्शन करते अपना स्थान प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाया |
कबड्डी के मैट पर प्रतिस्पर्धा अत्यंत तीव्र रही, जहाँ रेडर्स और टैकलर्स के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला: अंडर-14 बालक वर्ग दिल्ली, हैदराबाद,देहरादून,चंडीगढ़, कोलकाता, चेन्नई, ,रांची, जबलपुर,लखनऊ और वाराणसी की टीमों ने लीग मैचों में अपने प्रतिद्वंदियों को पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। अंडर-17 बालक वर्ग में जयपुर , भुवनेश्वर, पटना, और रांची, की टीमों ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए प्री- क्वार्टर फाइनल के अगले दौर का टिकट पक्का किया।
मुक्केबाज़ी रिंग में खिलाड़ियों का साहस और मुक्केबाज़ी कौशल देखते ही बनता था। मुक्केबाज़ों ने अपने सटीक पंच, उत्कृष्ट तकनीकी ज्ञान और संयमित प्रदर्शन के दम पर निर्णायक जीत दर्ज की। खिलाड़ियों की दृढ़ इच्छाशक्ति और रिंग में आत्मविश्वास ने प्रतियोगिता के प्रतिस्पर्धात्मक स्तर को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया। बैडमिंटन कोर्ट पर गति और तकनीक का शानदार समन्वय देखने को मिला। खिलाड़ियों के फुर्तीले मूवमेंट और आक्रामक स्मैश ने दर्शकों को पूरे समय बाँधे रखा I विभिन्न संभागों की टीमों ने अपनी तेज़ रैलियों, सटीक स्मैश और बेहतरीन फुटवर्क के दम पर विजय हासिल की। निशानेबाज़ी रेंज में खिलाड़ियों ने अद्भुत मानसिक संतुलन, धैर्य और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। लक्ष्य पर एकाग्रचित्त होकर सटीक निशाने लगाते हुए बालकों ने मुकाबले को बेहद प्रतिस्पर्धी बना दिया। दर्शकों ने हर उत्कृष्ट ‘बुल्स-आई’ और सटीक निशाने का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
श्री अनुराग भटनागर (उपायुक्त, केविएस चंडीगढ़ संभाग), श्री जुगल किशोर और श्री पी.सी.तिवाड़ी (सहायक आयुक्त, केविएस चंडीगढ़ संभाग) ने कहा कि “प्रतियोगिता में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों (Coaches), निर्णायकों (Referees/Judges), स्वयंसेवकों और दर्शकों का अनुकरणीय सहयोग व खेल भावना सराहनीय है। आगामी दो दिनों में विभिन्न खेलों के फाइनल व निर्णायक मुकाबले इस प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बनाएंगे। यह भव्य आयोजन न केवल केविएस की खेल परंपरा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा, बल्कि देश को भविष्य के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी भी प्रदान करेगा।