

फगवाड़ा ( ) खत्री महासभा पंजाब की ओर से संगठन के विस्तार और खत्री समाज को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जालंधर में खत्री महासभा की यूनिट का गठन किया गया। खत्री महासभा पंजाब के प्रदेश महासचिव रमन नेहरा ने पंजाब प्रधान एडवोकेट विजय धीर मोगा के दिशा निर्देशानुसार संदीप गगन को खत्री महासभा जालंधर यूनिट का प्रधान तथा देविंदर मल्होत्रा को सचिव नियुक्त किया।
संदीप गगन तथा देविंदर मल्होत्रा को नियुक्ति संबंधी पत्र प्रदेश महासचिव रमन नेहरा, नंद सोनी तथा स्वामी हितपारस जी महाराज ने संयुक्त रूप से भेंट किया। इस अवसर पर रमन नेहरा ने संदीप गगन तथा देविंदर मल्होत्रा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खत्री महासभा का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करना और समाज से जुड़ी समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना है।
रमन नेहरा ने विश्वास व्यक्त किया कि संदीप गगन व देविंदर मल्होत्रा अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं लगन से निभाएंगे तथा जालंधर में खत्री समाज को संगठित करने के साथ-साथ समाज की भलाई के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की तभी संभव है जब सभी लोग आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने संदीप गगन से खत्री समाज के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रमन नेहरा ने संदीप गगन को जालंधर यूनिट की पूरी टीम गठित करने के अधिकार भी सौंपे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि संदीप गगन जल्द ही समाज के सक्रिय एवं समर्पित सदस्यों को साथ लेकर अपनी टीम का गठन करेंगे और टीम के सदस्यों के नाम प्रदेश संगठन को भेजेंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर यूनिट के गठन से खत्री महासभा की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा समाज के लोगों को एकजुट होकर कार्य करने के लिए बेहतर मंच प्राप्त होगा।
नवनियुक्त प्रधान संदीप गगन ने खत्री महासभा पंजाब के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर में खत्री समाज के लोगों को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा और समाजहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर रोहित जायसवाल, विक्रम शर्मा, राजन शारदा, विवेक मेहता, प्रदीप वर्मा, मनीष सहगल, साहिल वर्मा, राजीव सहगल, अर्जुन भट्ट, कृष्ण सूरी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संदीप गगन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
फोटो कैप्शन : संदीप गगन को नियुक्ति पत्र भेंट करते हुए खत्री महासभा पंजाब के महासचिव रमन नेहरा, स्वामी हितपारस महाराज, नंद सोनी व अन्य।



