पंजाबशिक्षा और संस्कृति

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू (ऊना) में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया।

जालंधर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू (ऊना) में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रो. अनुपमा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार बहल ने मुख्य अतिथि प्रो. अनुपमा सिंह का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
अपने स्वागत संबोधन में डॉ. संजय कुमार बहल ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और संकल्प के माध्यम से महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें भाषण प्रतियोगिता (Lecturette), पोस्टर मेकिंग, रंगोली प्रतियोगिता तथा कविता पाठ शामिल रहे। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और महिलाओं की स्थिति, अधिकारों तथा समाज में उनकी भूमिका को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे —
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में ऋतिका (एम.एससी. रसायन विज्ञान, द्वितीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में काशिश, ऋतिका तथा निकिता की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
लेक्चरट प्रतियोगिता में ईशा और राधा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कविता प्रतियोगिता में जुविका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि प्रो. अनुपमा सिंह ने महिलाओं के अधिकारों, समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा सशक्त भारत के निर्माण में सशक्त नारी के योगदान पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने इस बात पर विशेष प्रकाश डाला कि किस प्रकार एक महिला अपने घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने पेशेवर दायित्वों को भी पूरी निष्ठा और कुशलता से निभाती है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. जगदेव सिंह राणा (रजिस्ट्रार), डॉ. मनदीप सिंह (प्रिंसिपल, फार्मेसी विभाग), डॉ. सुमित कुमार (डीन, अकादमिक एडवाइजर), डॉ. मनीषा धीमान (फैकल्टी, रसायन विभाग), सुश्री निहारिका अग्निहोत्री (एचओडी, प्रबंधन विभाग) तथा सुश्री निशा (फैकल्टी, भौतिकी विभाग) सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रजिस्ट्रार डॉ. जगदेव सिंह राणा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button