
जालंधर: जालंधर के मात्र 13 वर्षीय अंतर्राष्ट्रीय फिडे रेटेड शतरंज खिलाड़ी श्रेयांश जैन ने नई दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय चेस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-20 में स्थान प्राप्त कर जालंधर तथा पूरे पंजाब का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
श्रेयांश जैन ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला हारे बिना बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और 652 किसी भी आयु वर्ग के खिलाड़ियों में 18वां स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी अंतर्राष्ट्रीय फिडे रेटिंग में 50 अंकों की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की। विशेष बात यह रही कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पंजाब के सभी खिलाड़ियों में श्रेयांश जैन प्रथम स्थान पर रहे।यह प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय चेस प्रतियोगिता 21 मई 2026 से 24 मई 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित हुई, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कनाडा, इजराइल, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका तथा ज़िम्बाब्वे जैसे देशों के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को और भी उच्च स्तर प्रदान किया।
कम उम्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस बड़ी सफलता ने पंजाब के शतरंज जगत में गर्व और उत्साह का माहौल बना दिया है। श्रेयांश जैन की इस उपलब्धि पर परिवार, कोच, खेल प्रेमियों तथा जालंधरवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।