
जालंधर: जालंधर वासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार जिले की आयुर्वेदिक डिस्पेंसरियों में ढाई साल के लंबे समय से चल रही दवाइयों की कमी अब दूर होने जा रही है। खबर मिली है कि आयुष विभाग के चंडीगढ़ मुख्यालय से दवाइयों की नई सप्लाई जिलों के लिए रवाना कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल सैंपल जांच की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद अगले दो-तीन दिनों में सैंपलिंग पूरी होने पर दवाओं को जिले की अलग-अलग डिस्पेंसरियों तक भेजने का काम शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि 73 तरह की आयुर्वेदिक दवाएं आयुर्वेदिक डिस्पेंसरियों में मरीजों को करीब उपलब्ध कराई जाती हैं।गौरतलब है कि जिले में आयुष विंग और आयुर्वेदिक केंद्रों को नई दवाओं की नियमित सप्लाई मई 2023 के बाद से नहीं मिल रही थी। इसका सीधा असर डिस्पेंसरियों में आने वाले मरीजों की संख्या पर भी पड़ा। वहीं अब दवाओं की खेप आने के बाद आयुर्वेदिक केंद्रों में फिर से मरीजों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।



