
झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर को विधानसभा चुनाव लड़ने की अपील, जाने मामला

मानसा: नशों के खिलाफ संघर्ष करने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद इंसाफ की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच निहंग सिंह नेता बाबा राजा राज सिंह ने झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर को विधानसभा चुनाव लड़ने की अपील की है। उनकी इस अपील के बाद पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। परविंदर सिंह झोटा नशों के खिलाफ अपनी गतिविधियों के कारण जाने जाते थे। उनकी हत्या के बाद मानसा में परिवार, नशा विरोधी टास्क फोर्स के युवाओं, किसानों, मजदूरों और अन्य जन संगठनों की ओर से इंसाफ की मांग को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। इस दौरान पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।झोटा के परिवार और एक्शन कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री और डीजीपी के इस्तीफे सहित कई मांगें उठाई जा रही हैं। इसके अलावा हत्या मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की जा रही है। इन मांगों को लेकर प्रशासन और एक्शन कमेटी के बीच कई बैठकें हो चुकी हैं। हालांकि, प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण संघर्ष जारी है।



