
डी.ए.वी. कॉलेज जालन्धर के स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

डी.ए.वी. कॉलेज जालन्धर के स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग के अंतर्गत प्रेमचंद हिन्दी साहित्य परिषद् द्वारा हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में विज्ञापन-लेखन, आत्म-परिचय लेखन एवं हिन्दी-हस्ताक्षर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं भाषा-कौशल का परिचय दिया।इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन,अभिव्यक्ति-कौशल, आत्मविश्वास तथा व्यावहारिक लेखन क्षमता का विकास करना था। आत्म-परिचय लेखन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विज्ञापन-लेखन ने उनकी कल्पनाशक्ति, भाषा-कौशल तथा संक्षिप्त एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति को विकसित किया। वहीं, हिन्दी में हस्ताक्षर करने की प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में हिन्दी के प्रति रुचि, अपनत्व एवं गौरव-बोध को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. कुँवर राजीव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दी केवल हमारी अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एवं भाषायी पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. बलवेन्द्र सिंह (हिन्दी विभाग) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाषा का वास्तविक विकास उसके निरंतर प्रयोग से होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन, लेखन एवं विभिन्न व्यावहारिक क्षेत्रों में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करती हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. डॉ. रिचा नांगला एवं डॉ. रितु, प्रभारी, प्रेमचंद हिन्दी साहित्य परिषद् ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
विज्ञापन-लेखन प्रतियोगिता में
प्रथम: हरितिमा जैन, बी.ए. प्रथम वर्ष
द्वितीय: संजना भार्गव, बी.ए. द्वितीय वर्ष
तृतीय: कृषिका, बी.ए. प्रथम वर्ष
आत्म-परिचय लेखन प्रतियोगिता में
प्रथम: संजना भार्गव, बी.ए. द्वितीय वर्ष
द्वितीय: कृषिका, बी.ए. प्रथम वर्ष
तृतीय: जैसमीन कौर, बी.एस.सी. बाॅयोटेक प्रथम वर्ष
हिन्दी-हस्ताक्षर प्रतियोगिता में
प्रथम: तनिष्का, एम.एस.सी. रसायन विज्ञान द्वितीय वर्ष
द्वितीय: श्रेया 10+1 आर्ट्स
तृतीय: रिया कुमारी, बी.ए. प्रथम वर्ष



