
जालंधर: बस्तियात इलाके के दशमेश नगर मे 22 वर्षीय युवक सौरव पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सौरव अपने घर के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उस पर अचानक फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।सूत्रों के मुताबिक, हमलावर काला संघिया रोड क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।