जालंधर, 4 जून :
पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाते हुए पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने घोषणा की कि राज्य की प्रमुख मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ सफलतापूर्वक एक लोक लहर में बदल गई है।

वार्ड डिफेंस कमेटियों की एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक में बोलते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी सामाजिक बुराई को पूरी तरह से खत्म नहीं किया जा सकता। इस मौके पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमनीक सिंह रंधावा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, एस.डी.एम. शुभी आंगरा, ‘आप’ नेता नितिन कोहली और दिनेश ढल्ल भी मौजूद थे।

श्री भगत ने वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर नशे को खत्म करने में इन डिफेंस कमेटियों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस पहल को लोगों का बड़ा समर्थन मिला है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में 2,500 से अधिक गंभीर रिपोर्टों में सख्त कार्रवाइयां हुई है, जो इन कमेटी सदस्यों द्वारा दी गई सीधी फीडबैक और जानकारी पर बहुत अधिक निर्भर करती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशों की समस्या को सिर्फ कम करने के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह से जड़ से खत्म करने के लिए वचनबद्ध है। यह जनता और स्थानीय प्रशासन का संयुक्त प्रयास है। उन्होंने आगे कहा कि सीनियर प्रशासकीय और पुलिस अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा और सफाई के लिए स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर काम कर रहे है।

पंजाब सरकार द्वारा नशे के खात्मे की वचनबद्धता दोहराते हुए सीनियर ‘आप’ नेता नितिन कोहली और दिनेश ढल्ल ने कमेटी सदस्यों के अनथक और दिन-रात किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने दोहराया कि नशों संबंधी गतिविधियों के बारे में जनता से प्राप्त जानकारी के आधार पर 2500 से अधिक गंभीर रिपोर्टों में पहले ही तेजी से कार्रवाई की जा चुकी है, जो इस समस्या पर निर्णायक वार का संकेत देती है।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में उच्च स्तरीय खेल बुनियादी ढांचा तैयार करके युवाओं को खेलों से जोड़ने पर ध्यान दे रही है। इस श्रृंखला में पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप भी करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि खेलों में युवाओं को नशे से दूर रखने की क्षमता है।

इस मौके पर नशा मुक्ति मोर्चा दोआबा जोन के वाइस कोऑर्डिनेटर अतिन अग्निहोत्री, वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्य व अन्य शख्सियतें भी मौजूद थी।