
दिल्ली: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने इराकी हवाई क्षेत्र से आए तीन ड्रोन को मार गिराया। वहीं संयुक्त अरब अमीरात ने बराकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास ड्रोन हमले और आग लगने की पुष्टि की है। इन घटनाओं ने पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। सऊदी अरब ने इसे अपनी संप्रभुता पर हमला बताया, जबकि कुवैत और कतर ने भी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए रियाद के समर्थन का ऐलान किया।इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि समझौते के लिए घड़ी तेजी से चल रही है। ट्रंप के इस बयान ने पहले से ही तनावपूर्ण हालात को और गंभीर बना दिया है। उधर लेबनान के बालबेक इलाके में इजरायली हवाई हमले के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए।