Sliderपंजाब

पुरुष एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी के लिए जालंधर तैयार

जालंधर, 19 अक्तूबर : जालंधर 27 अक्तूबर से ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में शुरू होने वाली प्रतिष्ठित पुरुष एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।

डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए चल रही तैयारियों का जायजा लिया, जिसमें एशिया क्षेत्र की शीर्ष राष्ट्रीय टीमें प्रतिष्ठित खिताब जीतने के लिए मुकाबला करेंगी।

समीक्षा बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने संबंधी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से हॉकी स्टेडियम के नवीनीकरण से जुड़े चल रहे सभी कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि मैचों के शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी की जा सकें।

पंजाब सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने कहा कि पंजाब सरकार विश्व खेल प्रोटोकॉल की सख्ती से पालन करते हुए इस अंतरराष्ट्रीय खेल समागम को उचित और निर्बाध ढंग से करवाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाली टीमों और हॉकी प्रशंसकों दोनों को विश्व स्तरीय अनुभव प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्तूबर को होगी, जिसमें मलेशिया का मुकाबला चीन से होगा। इसके बाद जापान और कोरिया के बीच मैच खेला जाएगा। मेजबान भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच से पहले उद्घाटन समारोह होगा। पूल मैच 2 नवंबर तक जालंधर में चलेंगे, जिसके बाद 4 और 5 नवंबर को सेमीफाइनल और पदकों के लिए मुकाबले मोहाली में होंगे।

उल्लेखनीय है कि यह टूर्नामेंट 27 अक्तूबर को जालंधर में शुरू होगा। उद्घाटन समारोह के बाद होने वाले मुकाबलों में मलेशिया का मुकाबला चीन से, जापान का कोरिया से और मेजबान भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। 29 अक्तूबर को जालंधर में ग्रुप मैच मलेशिया बनाम कोरिया, बांग्लादेश बनाम जापान और भारत बनाम चीन के मुकाबलों के साथ जारी रहेंगे। 30 अक्तूबर को बांग्लादेश बनाम मलेशिया, कोरिया बनाम चीन और जापान बनाम भारत के मुकाबले होंगे। 1 नवंबर को कोरिया बनाम बांग्लादेश, चीन बनाम जापान और मलेशिया बनाम भारत के मुकाबले खेले जाएंगे। यह सिलसिला 2 नवंबर को चीन बनाम बांग्लादेश, जापान बनाम मलेशिया और भारत बनाम कोरिया के मुकाबलों के साथ समाप्त होगा। रेस्ट डे के बाद 4 नवंबर को मैच मोहाली में होंगे। यहां पूल में 5वें और 6वें स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एक ‘प्लेसमेंट’ मैच खेला जाएगा और साथ ही पूल में शीर्ष चार स्थानों पर रही टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। यह चैंपियनशिप 5 नवंबर को मोहाली में कांस्य और स्वर्ण पदकों के लिए होने वाले मुकाबलों के साथ समाप्त होगी।

इस अवसर पर कमिश्नर नगर निगम जालंधर सुरिंदर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमरजीत बैंस, ज्वाइंट कमिश्नर नगर निगम जालंधर मनदीप कौर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button