Sliderपंजाब

बाप-बेटे ने ज्वैलर को लगाया चूना

लुधियाना: सराफा बाजार में ठगी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहाँ एक शातिर बाप-बेटे की जोड़ी ने एक थोक ज्वैलर को विश्वास की आड़ में करीब 5 किलो सोने के गहनों की चपत लगा दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डिवीजन नंबर 4 में आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक मलेरकोटला के रहने वाले शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह, जो कि अमरगढ़ में होलसेल ज्वैलरी का काम करते हैं और लुधियाना के सराफा बाजार में अपने बेटे के साथ दुकान चलाते हैं, ने पुलिस को बताया कि आरोपी दविंदर सिंह उर्फ हैप्पी ज्वैलर और उसका बेटा राजवीर सिंह उर्फ राहुल वासी हरनामा कॉलोनी, अमरगढ़ उनसे अक्सर उधार पर गहने लेते थे। शुरुआत में समय पर भुगतान कर आरोपियों ने अमरजीत का अटूट विश्वास जीत लिया और इसी भरोसे की आड़ में बड़ी साजिश रच डाली। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने अलग-अलग मौकों पर साजिश के तहत करीब 5.035 किलो सोने के गहने लिए लेकिन जब भुगतान का समय आया तो वे अपनी बात से मुकर गए। पीड़ित ज्वैलर ने जब अपने पैसों के लिए तकादा किया तो आरोपियों ने न केवल फोन उठाना बंद कर दिया बल्कि अपनी राजनीतिक पहुँच का धौंस जमाते हुए धमकियां देनी शुरू कर दीं। हद तो तब हो गई जब कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देने पर आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और डिलीवरी के लिए ले जाए जा रहे करीब 200 ग्राम सोने के गहने भी छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।

Related Articles

Back to top button