

नई दिल्ली: भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मंगलवार, 20 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और माहे में भी भारी बारिश का अनुमान है। IMD ने आने वाले दिनों में कई दक्षिणी राज्यों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जताया है। इस बीच, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर बना एक स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र इस सप्ताह के आखिर में सोमालिया के तट की ओर बढ़ सकता है।20 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 19 से 25 अक्टूबर के बीच इस पूरे क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, और 22 से 25 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। IMD के अनुसार, तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ जुड़ा एक ‘ट्रफ उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी की ओर जा रहा है, जो मौजूदा मौसमी स्थितियों को प्रभावित कर रहा है।IMD के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उससे सटे पंजाब के ऊपर एक ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ बना हुआ है, जो एक ‘साइक्लोनिक सर्कुलेशन’ के रूप में मौजूद है। इसके साथ ही, वायुमंडल के मध्य स्तरों में एक ‘ट्रफ’ भी बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में एक और ‘साइक्लोनिक सर्कुलेशन’ मौजूद है, जबकि दक्षिण राजस्थान और उसके पड़ोसी क्षेत्रों में एक अलग ‘साइक्लोनिक सर्कुलेशन’ बना हुआ है



