
भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा, जाने मामला

केरल: तिरुवनंतपुरम में परसाला रेलवे स्टेशन के पास भूस्खलन के कारण बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। इसके बाद रेलवे ने छह यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है और प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेन की यात्रा आंशिक रूप से रद्द की है। रेलवे के अनुसार यह घटना रात दो बजकर 19 मिनट पर हुई, जब भूस्खलन के बाद ट्रेन संख्या 22619 बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस को परसाला के पास रोक दिया गया। रेलवे ने बताया कि ट्रेन रुकने के बाद उसका इंजन पटरी से उतरा हुआ पाया गया। दक्षिण रेलवे ने एक बयान में कहा, ‘सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी सुरक्षित हैं।’ उसने बताया कि ट्रेन को आगे ले जाने के लिए तत्काल एक अन्य इंजन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा, मरम्मत का काम करने और ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू करने के लिए कर्मचारियों और आवश्यक सामग्री के साथ दुर्घटना राहत ट्रेन को घटनास्थल पर भेजा गया। दक्षिण रेलवे ने ताजा जानकारी देते हुए बताया कि 20 अक्टूबर को बिलासपुर से रवाना हुई बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस की यात्रा नेय्याट्टिनकारा स्टेशन पर समाप्त होगी।


