
जालंधर:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एपीजे स्कूल महावीर मार्ग में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक स्कूल परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के प्रिंसिपल श्री यश पाल शर्मा, समस्त स्टाफ सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत योग शिक्षिका मिस रुचिका द्वारा योग के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देने के साथ हुई। उन्होंने योगाभ्यास से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी बताए। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने ओम् उच्चारण के साथ योग सत्र का शुभारंभ किया।योग सत्र के दौरान सूक्ष्म व्यायाम के अंतर्गत गर्दन, कंधों, कमर, घुटनों एवं पैरों से संबंधित विभिन्न अभ्यास कराए गए। इसके बाद सूर्य नमस्कार का एक चक्र करवाया गया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, अर्ध उष्ट्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, पवनमुक्तासन तथा शवासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास किया।कार्यक्रम के समापन पर कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम करवाए गए। मधुर संगीत की धुन पर ध्यान (मेडिटेशन) भी कराया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों ने मानसिक शांति और ताजगी का अनुभव किया।इस अवसर पर प्रिंसिपल श्री यशपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है जो शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया।