

दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक 5 मंजिला निर्माणाधीन इमारत के ढहने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद से ही फरार चल रहे इमारत के मालिक हरि राम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने ‘लुकआउट नोटिस’ जारी कर दिया है ताकि वह देश छोड़कर न भाग सके। बता दें कि दिल्ली विश्वविद्याल के साउथ कैंपस के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी आवास के रूप में किया जा रहा था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान यह बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई थी।वहीं पुलिस सूत्र ने बताया कि घटना के लिए कथित रूप से जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के प्रयासों के बीच हरि राम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। इससे पहले पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में हरि राम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया था।



