दिल्ली: ओमान तट के पास स्थित रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ में आज तड़के एक तेल टैंकर पर मिसाइल से हमला किया गया। इस भीषण हमले के बाद जहाज में आग लग गई। ब्रिटिश सेना और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने इस हमले की पुष्टि की है।समुद्री सुरक्षा से जुड़े संगठन ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स सेंटर’ ने बताया कि ओमान के लिमाह के पास जलडमरूमध्य में टैंकर पर हमला हुआ। यूकेएमटीओसी ने बताया कि जब जहाज जलडमरूमध्य से दक्षिण की ओर ओमान की खाड़ी की तरफ जा रहा था तब एक प्रक्षेपास्त्र जहाज के बाईं ओर आकर लगा। यूकेएमटीओसी ने कहा कि इस हमले से पर्यावरण पर कोई असर नहीं पड़ा है और अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी ने नहीं ली है हालांकि हाल के दिनों में ओमान के निकटवर्ती मार्ग से गुजरने वाले कम से कम दो और जहाजों पर हमले हुए हैं और संदेह जताया गया है कि ये हमले ईरान ने किए हैं।