
अमृतसर: अमृतसर देहाती पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को 6 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। उक्त कार्रवाई अड्डा मनावाला, अमृतसर–जालंधर हाईवे के पास नाकाबंदी कर की गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिली थी कि इलाके में भारी मात्रा में नशे की खेप पहुंचने वाली है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए की बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई में बैठे एक हैंडलर के इशारे पर तस्करी कर रहा था। इस हैंडलर की पहचान अमृतसर के सुल्तानविंड क्षेत्र के रहने वाले अंतरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।