पाकिस्तान में सेना के खिलाफ आवाज उठाना पड़ रहा भारी, 22 लोग गिरफ्तार

इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने के आरोप में 150 संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उनमें से 22 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किये गये लोगों में से ज्यादातर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी से जुड़े है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अनुसार 26 नवंबर को इस्लामाबाद में प्रदर्शनकारियों पर कानून प्रवर्तकों द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम 12 पार्टी कार्यकर्ता मारे गए थे और सैकड़ों घायल हो गए थे।पार्टी का यह भी दावा है कि तब से लगभग 105 पार्टी कार्यकर्ता लापता हैं। घटना के बाद, खान के समर्थकों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी करने के लिए पाकिस्तानी सेना को दोषी ठहराना शुरू कर दिया था। शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार ने इस बात से इनकार किया कि कानून प्रवर्तकों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता जताई।



